भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में एक केमिकल फैक्ट्री में शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि लपटें 40 फीट तक ऊंची उठी। 10 किलोमीटर दूर से धुआं दिखाई दे रहा था।
फायर ब्रिगेड की करीब 12 गाड़ियां और 40 टैंकरों की मदद से करीब 3 घंटे बाद 80 फीसदी आग पर काबू पा लिया गया है। इस दौरान कुछ कर्मचारी झुलस भी गए। एनडीआरएफ की टीम फैक्ट्री के अंदर पहुंची है। वह बाकी की आग बुझाने में जुटी है।
जेके रोड स्थित टाटा और महिंद्रा शोरूम के पीछे केमिकल फैक्ट्री है। यहां 40 हजार लीटर केमिकल रखा था। यहां थिनर बनाया जाता था। सूचना मिलते ही गोविंदपुरा, पुल बोगदा, फतेहगढ़ से फायर फाइटर्स मौके पर पहुंचे। सीआईएसएफ की टीम भी पहुंची।